गीता का संदेश और भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष सबके लिए प्रेरणास्रोत: नायब सैनी
चंडीगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें गीता के माध्यम से कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का मार्ग दिखाया, वहीं भगवान बिरसा मुंडा ने अपने जीवन और संघर्ष से हमें स्वाभिमान, एकता तथा अपनी धरती और संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिया। ये संदेश हमें सिखाते हैं कि सच्चा जीवन वही है, जो अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान हो और समाज के हित में समर्पित हो।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह बातें रविवार को पंचकूला में ‘श्री कृष्ण कृपा धाम’ के भवन का शिलान्यास तथा जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण कृपा धाम के निर्माण कार्य के लिए 31 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृष्ण कृपा धाम के रूप में पंचकूला की इस पावन धरती पर केवल एक भवन की ही नहीं, बल्कि एक ऐसे आध्यात्मिक केंद्र की नींव रखी जा रही है, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को संस्कार, सेवा, समर्पण और श्रीमद्भगवद्गीता का ज्ञान प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और अपनी धरती एवं संस्कृति की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

