कैथल: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर विधानसभा में गरजे आदित्य सुरजेवाला

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर विधानसभा में गरजे आदित्य सुरजेवाला


कैथल, 03 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा सत्र के अंतिम दिन गुरुवार काे सफाई और सीवर कर्मचारियों की हड़ताल का मुद्दा सदन में गूंजा। कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शून्य काल के दौरान कर्मचारियों की मांगों को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित है, जबकि कर्मचारी पिछले 26 दिनों से हड़ताल पर हैं।

सुरजेवाला ने सदन में कहा कि 13 मई को सरकार की ओर से सफाई और सीवर कर्मचारियों की 17 मांगों को लेकर लिखित सहमति बनी थी, लेकिन उनके मुताबिक इनमें से किसी भी मांग को अब तक जमीन पर लागू नहीं किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से कर्मचारियों के वेतन में 2100 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा का भी जिक्र किया और दावा किया कि यह फैसला अभी तक लागू नहीं हुआ है।

विधायक ने सफाई और सीवर कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों के अभाव में सीवर की सफाई और कूड़ा उठाने जैसे जोखिम भरे काम करते हैं। उन्होंने कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, जोखिम भत्ता और बीमा जैसी व्यवस्थाओं की मांग उठाई।

सुरजेवाला ने रणबीर और भवी चंद के परिवारों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों परिवार अब भी पक्की नौकरी और मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने 2018 और 2022 में दर्ज मामलों को वापस लेने पर बनी सहमति का मुद्दा भी सदन में उठाया और आरोप लगाया कि संबंधित मुकदमे अब तक वापस नहीं लिए गए। उन्होंने गुरुग्राम, कैथल, जींद और सिरसा में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी का दावा करते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। सुरजेवाला ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों की सफाई व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। विधायक ने सरकार से सफाई कर्मचारियों के साथ हुए समझौते को लागू करने, कर्मचारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने और ठेका प्रथा खत्म करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story