सढौरा से कांग्रेस विधायक के पति भाजपा में हुए शामिल,मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
सढौरा से कांग्रेस विधायक के पति भाजपा में हुए शामिल,मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया स्वागत


विधायक पति ने सीएम के सामने रखी हलके की मांगें

यमुनानगर, 05 जून (हि.स.)।सढाैरा से कांग्रेस विधायक रेणु बाला के पति शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। रेणु बाला इस कार्यक्रम से दूर रही। कांग्रेस के साथ लगातार बढ़ रही दूरियाें के चलते भाजपा ने अब बागी विधायकों को तवज्जो देनी शुरू कर दी है। इससे पहले भी राज्य सभा चुनाव के दौरान क्रास वोटिंग का आरोप झेलने वाले विधायकों को भाजपा अपने कार्यक्रमों में मंत्रियों के साथ विशेष अतिथि बना चुकी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के गांव व्यासपुर पहुंचकर पूर्व कांग्रेसी नेता एवं इंजीनियर ऋषिपाल तथा उनके समर्थकों का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इसे भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों में बढ़ते जनविश्वास का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और शेष संकल्पों को भी निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनहित की अपेक्षा अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी, जबकि भाजपा सुशासन और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य है जहां सर्वाधिक फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं। फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को उचित मुआवजा भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंजीनियर ऋषिपाल द्वारा क्षेत्र के विकास से संबंधित जो मांगें रखी गई हैं, उन पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने साढ़ौरा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की विशेष राशि देने की घोषणा भी की। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर में पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 1.50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें से 50 लाख पौधे नि:शुल्क वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर सुमन बहमनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story