रेवाड़ी: होटल में मिला युवक का शव, जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: होटल में मिला युवक का शव, जांच शुरू


रेवाड़ी, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले के औद्योगिक कस्बा बावल स्थित एक होटल में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक सोमवार शाम अपने साथी के साथ होटल में ठहरा था। मंगलवार को होटल कर्मचारियों ने कमरे की जांच की तो युवक मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने के बाद बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के खैरथल जिले के सराय कलां निवासी संदीप और जसवीर सोमवार शाम बावल के ग्रीन होटल में पहुंचे थे। दोनों ने होटल का कमरा नंबर 101 बुक कराया था। बताया जा रहा है कि बाद में संदीप होटल से चेकआउट कर वहां से चला गया। इसके बाद होटल स्टाफ ने कमरे की जांच की तो जसवीर का शव कमरे में पड़ा मिला।

कमरे में युवक का शव देखकर होटल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। होटल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच के लिए होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि होटल में युवक के साथ कौन-कौन आया और उसके बाद क्या घटनाक्रम हुआ।

पुलिस युवक के साथी संदीप की भी तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story