रेवाड़ी: कार की टक्कर से अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: कार की टक्कर से अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की मौत


तीन बहनों का इकलौता भाई था चेतन, फिजिकल और अन्य टेस्ट कर चुका था पास

रेवाड़ी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव लूला अहीर निवासी 19 वर्षीय युवक चेतन की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार देर शाम गांव दड़ौली की तरफ जाते समय एक कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में चेतन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक घटनास्थल से फरार हो गया। चेतन अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल और अन्य टेस्ट पास कर चुका था। जल्द ही भर्ती की फाइनल लिस्ट जारी होने की उम्मीद थी।

जानकारी के अनुसार, चेतन शनिवार देर शाम घूमने के लिए गांव दड़ौली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चेतन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल कोसली भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

चेतन अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। करीब ढाई साल पहले उसके पिता ताराचंद का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद परिवार को चेतन से काफी उम्मीदें थीं। परिजनों को विश्वास था कि अग्निवीर भर्ती में उसका चयन हो जाएगा और वह सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनेगा।

चेतन भर्ती प्रक्रिया में फिजिकल और अन्य टेस्ट पास कर चुका था। ऐसे में परिवार को फाइनल लिस्ट जारी होने का बेसब्री से इंतजार था। उन्हें उम्मीद थी कि चेतन का सपना जल्द पूरा होगा, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762936 Articles

Share this story