रेवाड़ी में लव मैरिज करने वाली युवती फंदे पर लटकी मिली, माैत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में लव मैरिज करने वाली युवती फंदे पर लटकी मिली, माैत


रेवाड़ी , 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कापड़ीवास गांव में सोमवार देर शाम लव मैरिज करने वाली 21 वर्षीय युवती का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना का पता उस समय चला, जब युवती का पति कंपनी में ड्यूटी करने के बाद घर लौटा। पत्नी को फंदे पर लटका देखकर उसके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका निकिता (21) और उसका पति अंकित कुमार मूल रूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं। अंकित धारूहेड़ा स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है। दोनों कापड़ीवास गांव में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने लव मैरिज की थी। हालांकि, उनकी शादी कब हुई थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यह भी बताया गया है कि निकिता के मायके वालों को उसकी शादी के बारे में जानकारी नहीं थी।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह अंकित रोजाना की तरह ड्यूटी पर कंपनी चला गया था। देर शाम जब वह कमरे पर लौटा तो निकिता छत के पाइप से बंधी चुन्नी के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। इसके बाद उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही धारूहेड़ा के सेक्टर-छह थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस का कहना है कि युवती की मौत के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767810 Articles

Share this story