रेवाड़ी: डेयरी की जमीन में दफन मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
आधी रात कार से शव लाकर गड्ढे में दफनाने की सूचना पर पहुंची पुलिस, पहचान और संदिग्धों की तलाश जारी
रेवाड़ी, 07 सितंबर (हि.स.)। धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार आधी रात को एक डेयरी की जमीन के नीचे युवक का शव दफन मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि कुछ युवक सफेद रंग की कार में शव लेकर डेयरी पहुंचे और गड्ढा खोदकर उसे दफनाने लगे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें ऐसा करते देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना प्रभारी फूल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। इसके बाद जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में उसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। उसके सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, डेयरी में काम करने वाले लोगों ने बताया कि रविवार देर रात डेयरी संचालक के बेटे गौरव (25) को तीन-चार युवकों के साथ सफेद कार में आते देखा गया था। सभी ने पहले जमीन में गहरा गड्ढा खोदा और इसके बाद कार से शव निकालकर उसे दफनाने लगे।
डीएसपी सुरेंद्र श्योरण ने बताया कि सूचना मिली थी कि तीन-चार युवकों ने डेयरी में शव दफनाया है। इनमें डेयरी संचालक का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है। सिर पर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस संदिग्ध युवकों की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

