रेवाड़ी-रोहतक रेलवे लाइन पर मिला युवक का शव
रेवाड़ी, 09 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी-रोहतक रेलवे लाइन पर गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव करनावास निवासी करीब 40 वर्षीय सुरेंद्र के रूप में हुई है, जो अपने गांव में सैलून की दुकान चलाता था। घटना स्थल के पास ही उसकी बाइक खड़ी मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र बुधवार शाम अपनी दुकान बंद करके घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों को जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। गुरुवार सुबह रोहतक रेलवे लाइन पर गोकलगढ़ गांव के नहर के समीप उसका शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो शव की पहचान सुरेंद्र के रूप में हुई। शव के पास ही उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है, हादसा है या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आस-पास के संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

