रेवाड़ी में बार की हड़ताल जारी, पांचवें दिन भी अदालतों में कामकाज ठप

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में बार की हड़ताल जारी, पांचवें दिन भी अदालतों में कामकाज ठप


सरकार ने एसडीएम को छुट्टी पर भेजा, अधिवक्ताओं ने कहा- तबादला होने तक आंदोलन रहेगा जारी

रेवाड़ी, 24 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी जिला बार एसोसिएशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक एसडीएम सुरेश कुमार का तबादला नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना और न्यायिक कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा। सरकार ने गुरुवार को एसडीएम सुरेश कुमार को अवकाश पर भेज दिया था, लेकिन बार एसोसिएशन का कहना है कि केवल छुट्टी पर भेजना उनकी मांग का समाधान नहीं है।

बार एसोसिएशन ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम सुरेश कुमार मनमाने ढंग से फैसले लेते हैं और अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते रहे हैं। इसी कारण सरकार से उनके तत्काल तबादले की मांग की जा रही है।

अधिवक्ताओं ने बताया कि इससे पहले अप्रैल माह में भी उन्होंने सांकेतिक धरना देकर उपायुक्त, स्वास्थ्य मंत्री तथा क्षेत्र के सांसद को ज्ञापन सौंपा था। उस समय भी एसडीएम के स्थानांतरण की मांग उठाई गई थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि मांगों की लगातार अनदेखी किए जाने के कारण उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

बार एसोसिएशन का कहना है कि जब तक सरकार लिखित रूप से एसडीएम के तबादले का आदेश जारी नहीं करती, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। दूसरी ओर, अधिवक्ताओं की हड़ताल का सीधा असर जिला अदालतों के कामकाज पर पड़ रहा है। पिछले चार दिनों में हजारों मामलों की सुनवाई टल चुकी है और शुक्रवार को भी कई मामलों में तारीखें आगे बढ़ानी पड़ीं। यदि हड़ताल लंबी चली तो न्याय की उम्मीद लेकर अदालत पहुंचने वाले वादकारियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story