रेवाड़ीः घरेलू विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या

WhatsApp Channel Join Now

इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया मामला

रेवाड़ी, 04 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के गांव मोहनपुर में आपसी घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पत्नी ने अपने ही पति की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान करीब 55 वर्षीय सतपाल के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सतपाल का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और झगड़ा हिंसक हो उठा। इसी दौरान गुस्से में आकर पत्नी ने सतपाल के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायल सतपाल को इलाज के लिए रेवाड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते शुक्रवार रात को उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी पत्नी से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story