रेवाड़ी में 80 एमएम बारिश से जलभराव, मंडी में भीगा सैकड़ों क्विंटल बाजरा
रेवाड़ी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। शुक्रवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे पहले रातभर हुई झमाझम बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में 80 एमएम बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है।
बारिश का असर रेवाड़ी की नई अनाज मंडी में भी देखने को मिला। मंडी में बाजरे की आवक अधिक होने और उठान की रफ्तार धीमी रहने के कारण खुले आसमान के नीचे रखा सैकड़ों क्विंटल बाजरा बारिश में भीग गया। इससे किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है। मंडी में पहले से ही उठान में देरी के चलते बाजरे की ढेरियां लगी हुई हैं। ऐसे में लगातार बारिश होने से अनाज को सुरक्षित रखना मुश्किल हो रहा है। किसानों को अब बाजरे के खराब होने की आशंका सता रही है।
वहीं, बारिश के दौरान देर रात आसमानी बिजली गिरने से बिजली निगम को भी नुकसान हुआ। शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें शुक्रपुरा स्थित लाल मस्जिद क्षेत्र, नई आबादी और कालका रोड शामिल हैं।
तीनों स्थानों पर ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। बिजली निगम की ओर से आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए गए।
लगातार बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव होने के कारण लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, मंडी में खुले में रखे बाजरे की सुरक्षा को लेकर किसान और आढ़ती चिंतित नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

