रेवाड़ी में लापता नाबालिग का सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में लापता नाबालिग का सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने लगाया जाम


रेवाड़ी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव खुरमपुर निवासी 17 वर्षीय समीर के लापता होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को बावल के छोटूराम चौक पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि समीर 10 अक्टूबर से लापता है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस उसका पता नहीं लगा पाई है। परिजनों का कहना है कि वे कई बार पुलिस को उसकी लोकेशन के बारे में जानकारी दे चुके हैं, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

जाम की सूचना मिलने पर सीआईए प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समीर को दो दिन के भीतर तलाश करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। करीब एक घंटे तक लगे जाम के कारण छोटूराम चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समीर घर से एक युवक की बाइक पर बैठकर गया था। इसके बावजूद संबंधित युवक से पूछताछ नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस को मामले में गंभीरता दिखाते हुए समीर की जल्द तलाश करनी चाहिए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।

समीर के पिता ओमपाल बावल की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। समीर दसवीं कक्षा का छात्र है और दो बहनों का इकलौता भाई है। उसके अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। परिजन लगातार पुलिस से उसकी तलाश करने की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि परिवार की चिंता को देखते हुए पुलिस को जल्द से जल्द समीर का पता लगाना चाहिए। अब पुलिस की ओर से दिए गए दो दिन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों और परिजनों को उसकी बरामदगी का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story