रेवाड़ी : बेराेजगारी से परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी : बेराेजगारी से परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान


उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की 18 वर्षीय युवती बहन के पास आई थी, नौकरी नहीं मिलने से थी परेशान

रेवाड़ी, 07 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी के कोनसीवास रोड स्थित किसान वाटिका के पास किराये के कमरे में एक 18 वर्षीय युवती ने गुरूवार रात काे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी मनीषा के रूप में हुई है। वह करीब 20 दिन पहले नौकरी की तलाश में अपनी बड़ी बहन के पास रेवाड़ी आई थी, लेकिन उसे काम नहीं मिल पाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार मनीषा की बहन बावल स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और कोनसीवास रोड पर किराये के कमरे में रहती है।

गुरुवार सुबह उसकी बहन रोजाना की तरह ड्यूटी पर चली गई, जबकि मनीषा कमरे में अकेली थी। रात को जब वह ड्यूटी से वापस लौटी तो कमरे का दरवाजा खोलने पर मनीषा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह देखकर उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस तथा एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद बहन की मौजूदगी में शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story