रेवाड़ी में कार से टक्कर मारकर दो युवकों की हत्या, तीसरा गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now

इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी में विवाद के बाद गोकलपुर में तीन युवकों पर हमला

रेवाड़ी, 21 अगस्त (हि.स.)। दो युवकों की हत्या से शुक्रवार को क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोप है कि कार सवार हमलावरों ने बाइक पर जा रहे तीन युवकों को पहले टक्कर मारी। इसके बाद सड़क पर गिरने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान मांड्या निवासी जतिन (22) और निगानियावास निवासी हिमेश (20) के रूप में हुई है। जतिन शादीशुदा था और एक बेटी का पिता था। वह रेवाड़ी की एक कंपनी में काम करता था। वहीं हिमेश किशन लाल कॉलेज का छात्र था। घायल युवक यशपाल बुढ़ाना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद मामला गोकलपुर गांव तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते जतिन, हिमेश और यशपाल को निशाना बनाया गया।

बताया गया है कि तीनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कार सवार युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे विश्वविद्यालय में हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story