अजमेर-अमृतसर वाया रेवाड़ी चलने वाली दो ट्रेनें रद्द
रेवाड़ी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। सर्दियों में कोहरे के कारण रेलवे ने अजमेर-अमृतसर के बीच रेवाड़ी के रास्ते चलने वाली दो द्वि-साप्ताहिक रेल सेवाओं के निर्धारित फेरों को रद्द करने का निर्णय लिया है। एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक इन ट्रेनों के कुल 26-26 फेरे रद्द रहेंगे। रेलवे के अनुसार, कोहरे के दौरान संरक्षित और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शनिवार को बताया कि गाड़ी संख्या 19611 अजमेर-अमृतसर द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा और गाड़ी संख्या 19614 अमृतसर-अजमेर द्वि-साप्ताहिक रेल सेवा निर्धारित तिथियों पर संचालित नहीं होंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित तारीखों पर ट्रेनों की स्थिति जांचने की अपील की है।
गाड़ी संख्या 19611 अजमेर-अमृतसर दिसंबर 2026 में तीन, पांच, 10, 12, 17, 19, 24, 26 और 31 तारीख को रद्द रहेगी। जनवरी 2027 में दाे, सात, नाै, 14, 16, 21, 23, 28 और 30 तारीख को इसका संचालन नहीं होगा। फरवरी में चार, छह, 11, 13, 18, 20, 25 और 27 तारीख को ट्रेन रद्द रहेगी।
इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 19614 अमृतसर-अजमेर दिसंबर 2026 में चार, छह, 11, 13, 18, 20, 25 और 27 तारीख को नहीं चलेगी। जनवरी 2027 में एक, तीन, आठ, 10, 15, 17, 22, 24, 29 और 31 तारीख को तथा फरवरी में पांच, सात, 12, 14, 19, 21, 26 और 28 तारीख को इसका संचालन रद्द रहेगा।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि टिकट बुक करने और यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

