रेवाड़ी में दुकानदार पर फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

रेवाड़ी, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव नारायणपुर में दुकानदार पर हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में रामपुरा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव हुसैनपुर निवासी अंकित और युद्धवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि गांव नारायणपुर निवासी राजेश यादव ने शिकायत में कहा था कि 30 अक्टूबर की रात वह अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार दुकान के बाहर आकर रुकी। कार से छह-सात युवक लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर उतरे।

आरोपियों ने आते ही उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने के लिए उसकी तरफ दौड़े। हमलावरों को अपनी ओर आता देखकर राजेश दुकान के पिछले दरवाजे से बाहर निकलकर भाग गया और अपनी जान बचाई। शिकायत के अनुसार, दुकानदार के भागने के बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दुकान के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी और बाइक में तोड़फोड़ कर दी।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर रामपुरा थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान दुकान के काउंटर से गोली का एक खाली खोल भी बरामद हुआ।

पुलिस ने जांच के आधार पर अंकित और युद्धवीर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story