रेवाड़ी-बांदीकुई के बीच तकनीकी कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन रहेगा रद्द

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी-बांदीकुई के बीच तकनीकी कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन रहेगा रद्द


रेवाड़ी, 19 सितंबर (हि.स.)। अलवर स्टेशन यार्ड में फुट ओवर ब्रिज पर तकनीकी कार्य के चलते रेवाड़ी से जुड़ी कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे के अनुसार 22 सितंबर को रेवाड़ी-फुलेरा और फुलेरा-रेवाड़ी ट्रेन का संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा। वहीं, रींगस जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 21 और 22 सितंबर को रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शनिवार को बताया कि गाड़ी संख्या 59630 फुलेरा-रेवाड़ी 22 सितंबर को फुलेरा से रवाना होकर बांदीकुई तक ही चलेगी। बांदीकुई से रेवाड़ी के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। इसी तरह गाड़ी संख्या 59629 रेवाड़ी-फुलेरा का संचालन भी 22 सितंबर को रेवाड़ी के बजाय बांदीकुई से किया जाएगा। इसके चलते रेवाड़ी से बांदीकुई के बीच यात्रियों को इस ट्रेन की सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 51971 मथुरा-अलवर का संचालन 19 से 22 सितंबर तक गाजिका तक ही किया जाएगा। गाजिका से अलवर के बीच ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 51972 अलवर-मथुरा भी अलवर के बजाय गाजिका से संचालित होगी।

उधर, रींगस जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने 21 और 22 सितंबर को रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का ठहराव कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रहेगा। स्पेशल ट्रेन में कुल 15 डिब्बे होंगे। इनमें 13 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन अनारक्षित होने के कारण यात्रियों को पहले से रिजर्वेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story