रेवाड़ीः ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, नहीं हुई शिनाख्त

WhatsApp Channel Join Now

रूध पुल के पास मिला शव, जीआरपी ने शुरू की जांच

रेवाड़ी, 22 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रूध पुल के पास की बताई जा रही है, जहां ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के नजदीक शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना गांव के सरपंच और पुलिस को दी गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है, हालांकि उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पहचान के प्रयास कर रही है और लापता लोगों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

जीआरपी के एचएसओ कृष्ण कुमार फौगाट ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि रूध पुल के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया गया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किस ट्रेन से और किस समय हुआ।

पुलिस घटनास्थल के आसपास के हालात का निरीक्षण कर रही है और संभावित कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। साथ ही, रेलवे ट्रैक के आसपास लगे कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

मृतक के शव को शव गृह में रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहनता से जांच जारी है और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story