रेवाड़ी में घर पर खड़ी कार का कटा टोल

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में घर पर खड़ी कार का कटा टोल


रेवाड़ी, 27 नवंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में घर पर खड़ी कार का टोल कटने का मैसेज मोबाइल पर आने से भाजपा नेत्री शारदा यादव हैरान रह गईं। मैसेज में दादरी और छुछकवास के बीच स्थित मोरवाला टोल प्लाजा पर उनकी टिगोर कार का टोल कटने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने जब टोल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगी तो उसमें उनकी कार के बजाय बलेनो गुजरती दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने टोल प्रबंधन के सामने मामले को उठाते हुए जांच की मांग की है।

भाजपा नेत्री शारदा यादव ने शुक्रवार को बताया कि उनकी टिगोर कार घर पर खड़ी थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर टोल कटने का मैसेज आया। मैसेज देखकर उन्होंने तुरंत टोल प्रबंधन से संपर्क किया और बताया कि उनकी गाड़ी घर पर खड़ी है। उन्होंने टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की।

शारदा यादव के अनुसार, टोल कंपनी ने सहयोग करते हुए उन्हें सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई। फुटेज देखने पर पता चला कि जिस समय उनकी कार का टोल कटने का मैसेज आया था, उस समय टोल प्लाजा से टिगोर के बजाय बलेनो कार गुजर रही थी। इसके बाद उन्होंने संबंधित टोल प्रबंधन से शिकायत कर इस गड़बड़ी का कारण स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जब उनकी गाड़ी घर पर खड़ी थी तो उसका टोल कैसे कट गया, इसकी जांच होनी चाहिए। यह मामला टोल सिस्टम में किसी बड़ी गड़बड़ी या संभावित स्कैम की ओर इशारा कर सकता है। हालांकि, शिकायत करने के बावजूद अभी तक टोल प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। अब मामले में जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टोल कटने के मैसेज में यह गड़बड़ी किस वजह से हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story