रेवाड़ी: तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़, गूंजे वंदे मातरम के जयकारे

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़, गूंजे वंदे मातरम के जयकारे


विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया शुभारंभ, स्कूली बच्चों समेत विभिन्न वर्गों के लोग हुए शामिल

रेवाड़ी, 14 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अग्रसेन चौक से यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों ने 300-300 मीटर लंबे दो तिरंगे और 150 मीटर लंबे एक तिरंगे के साथ हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा।

तिरंगा यात्रा अग्रसेन चौक से शुरू होकर नगर परिषद कार्यालय और घंटेश्वर मंदिर होते हुए मोती चौक पहुंची, जहां इसका विधिवत समापन किया गया। यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके साथ व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और शहर के हर वर्ग व उम्र के लोग भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय के गगनचुंबी जयकारों से शहर गूंजता रहा।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि तिरंगा देश और हम सभी की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश के प्रति सम्मान और नागरिकों में एकजुटता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस को केवल साल में एक दिन मनाकर इसकी इतिश्री न करें, बल्कि हर दिन शहीदों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना अपने मन में रखें। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को हमेशा याद रखना हम सभी का दायित्व है। यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, नगर परिषद चेयरपर्सन विनिता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story