रेवाड़ी होकर चलने वाली तीन ट्रेनें प्रभावित, पांच स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी होकर चलने वाली तीन ट्रेनें प्रभावित, पांच स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव


रेवाड़ी, 24 नवंबर (हि.स.)। रेलवे के तकनीकी और दोहरीकरण कार्यों के चलते रेवाड़ी होकर संचालित होने वाली तीन रेलसेवाओं के परिचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत 24 नवंबर को सीकर-रेवाड़ी और रेवाड़ी-जोधपुर रेलसेवाओं का संचालन लोहारू तक सीमित रहेगा। वहीं, अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस 31 दिसंबर 2026, दाे जनवरी और सात जनवरी 2027 को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन पांच स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि तकनीकी कारणों से गाड़ी संख्या 54803 सीकर-रेवाड़ी 24 नवंबर को सीकर से रवाना होकर लोहारू तक ही संचालित होगी। लोहारू से रेवाड़ी के बीच इस ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14824 रेवाड़ी-जोधपुर भी 24 नवंबर को रेवाड़ी के बजाय लोहारू स्टेशन से रवाना होगी। ऐसे में रेवाड़ी से लोहारू के बीच यह रेलसेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। इससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तर रेलवे के फिरोजपुर और अंबाला मंडलों में लुधियाना-फिरोजपुर कैंट और लुधियाना-धूरी रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के तहत नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जा रहा है।

इसके चलते गाड़ी संख्या 19611 अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस 31 दिसंबर और दाे जनवरी को परिवर्तित मार्ग फिरोजपुर कैंट-लोहियां खास-कपूरथला-जालंधर सिटी होकर संचालित होगी। इस दौरान तलवंडी, मोगा, जगराओं, लुधियाना और फगवाड़ा स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। वहीं, गाड़ी संख्या 19612 अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस सात जनवरी को जालंधर सिटी-कपूरथला-लोहियां खास-फिरोजपुर कैंट होकर चलेगी। इस दिशा में भी पांचों स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story