रेवाड़ी : थ्रैशर मशीन में फंसकर किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now

खेत में गेहूं निकालते समय हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम, बेटे की यूपी पुलिस में नौकरी

रेवाड़ी, 18 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के गांव खुर्शीद नगर में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां थ्रैशर मशीन की चपेट में आने से 52 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव खुर्शीद नगर निवासी यशपाल खेत में गेहूं निकालने का कार्य कर रहे थे। इसके लिए थ्रैशर मशीन लगाई गई थी और परिवार के अन्य सदस्य भी काम में जुटे हुए थे। देर शाम के समय यशपाल खुद मशीन पर चढ़कर गेहूं की फसल डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका हाथ मशीन में फंस गया और देखते ही देखते थ्रैशर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भयावह था कि जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते और मशीन बंद करते, तब तक यशपाल का शरीर कमर से ऊपर तक मशीन के अंदर जा चुका था। मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और किसान की जान जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतक का बेटा उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है।

घटना की सूचना मिलते ही कोसली थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को मशीनों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story