रेवाड़ी में तीन मिनट में पांच लाख की चोरी, नकाबपोश बदमाश दुकान का शटर तोड़कर फरार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में तीन मिनट में पांच लाख की चोरी, नकाबपोश बदमाश दुकान का शटर तोड़कर फरार


गुड बाजार में नोटों की माला बनाने वाले व्यापारी को बनाया निशाना, वारदात सीसीटीवी में कैद

रेवाड़ी, 16 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी शहर के गुड बाजार में सोमवार तड़के नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने नोटों की माला बनाने वाले एक व्यापारी की दुकान का शटर तोड़कर महज तीन मिनट में करीब पांच लाख रुपये चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार शहर निवासी ऋषभ जैन की गुड बाजार में नोटों की माला बनाने की दुकान है। सोमवार तड़के करीब तीन नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर बाजार में पहुंचे। बदमाशों ने पहले दुकान के आसपास की स्थिति को देखा और इसके बाद तेजी से दुकान का शटर तोड़ दिया। शटर तोड़ने के बाद वे दुकान के अंदर घुस गए और तिजोरी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पूरी वारदात को मात्र तीन मिनट के अंदर अंजाम दिया। चोरी के बाद तीनों आरोपी तुरंत बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब व्यापारी दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी में रखे करीब पांच लाख रुपये गायब थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालीए जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद गुड बाजार के व्यापारियों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story