रेवाड़ी में पेड़ से टकराई निजी बस, पूर्व सैनिक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में पेड़ से टकराई निजी बस, पूर्व सैनिक की मौत


11 यात्री घायल, पुलिस ने शुरू की जांच

रेवाड़ी, 15 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी से कोसली आ रही यात्रियों से भरी एक निजी बस बुधवार सुबह कोसली-टूमना रोड पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत कोसली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मृतक की पहचान बालधन गांव निवासी 87 वर्षीय दीपचंद के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जाहिदपुर-भूरथला मार्ग पर सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन दबाई गई थी। पाइपलाइन के ऊपर सड़क पर लैंटर डाला गया था। बुधवार सुबह जैसे ही बस उस स्थान से गुजरी, उसका एक पहिया लैंटर में धंस गया। इसी दौरान नीचे से पानी निकलने लगा, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बस सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story