रेवाड़ी में अल्ट्रासाउंड के लिए लंबा इंतजार, विधानसभा समिति ने लगाई फटकार
रेवाड़ी, 19 जून (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा की शिक्षा, मेडिकल एंड रिसर्च तथा तकनीकी शिक्षा समिति ने शुक्रवार को रेवाड़ी नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को छह माह तक इंतजार कराने की व्यवस्था पर समिति के चेयरमैन एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अस्पताल में मरीजों की समस्याएं सुनने के दौरान जब समिति को पता चला कि अल्ट्रासाउंड के लिए छह-छह माह बाद की तारीखें दी जा रही हैं, तो चेयरमैन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, “छह माह इंतजार करते-करते तो आदमी मरकर दोबारा उठ लेगा। यह व्यवस्था किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। इसकी गति बढ़ाई जाए। इस मुद्दे को मैं चंडीगढ़ में भी उठाऊंगा।” उनके इस बयान ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
समिति ने अस्पताल की ओपीडी, लैब, ऑपरेशन थियेटर, इंजेक्शन रूम, सफाई व्यवस्था और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। समिति ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान इंजेक्शन रूम में कुछ खामियां भी सामने आईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए पीएमओ को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं कुछ मरीजों ने कर्मचारियों पर मनमानी और उपेक्षापूर्ण रवैये के आरोप भी लगाए, जिन्हें समिति ने गंभीरता से लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

