रेवाड़ी में 16 अप्रैल से जनगणना की शुरुआत, अब घर बैठे ऑनलाइन भी दे सकेंगे जवाब

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में 16 अप्रैल से जनगणना की शुरुआत, अब घर बैठे ऑनलाइन भी दे सकेंगे जवाब


पहले चरण में 31 सवाल पूछे जाएंगे, एनुमेनेटर के लिए यूनिक कोड व्यवस्था

रेवाड़ी, 01 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में 16 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण शुरू होने जा रहा है, जो 20 अप्रैल तक चलेगा। इस चरण में नागरिकों को पहली बार घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी देने का विकल्प मिलेगा।

उपायुक्त अभिषेक मीणां ने बुधवार को जिला सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पहले चरण में हाउस होल्डर से घर और परिवार की स्थिति से जुड़े कुल 31 सवाल पूछे जाएंगे। जो लोग ऑनलाइन माध्यम से जवाब देंगे, उन्हें एक यूनिक कोड प्राप्त होगा। जनगणना के लिए घर पर आने वाले एनुमेनेटर को यह कोड दिखाना होगा। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन जवाब नहीं देता है, तो उसे एनुमेनेटर को सीधे सभी सवालों के जवाब देने होंगे। प्रशासन द्वारा नियुक्त किए जाने वाले हर एनुमेनेटर को भी एक विशेष कोड दिया जाएगा। इस कोड को स्कैन कर नागरिक उसकी पहचान की पुष्टि कर सकेंगेए जिससे फर्जीवाड़े की संभावना को खत्म किया जा सकेगा।

उपायुक्त ने बताया कि एक मई से 31 मार्च तक पहले चरण का दूसरा भाग चलेगा, जिसमें एनुमेनेटर घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। वहीं, जनगणना का दूसरा चरण अगले वर्ष मार्च में शुरू होगा। ऑनलाइन जवाब देने वालों के यहां एनुमेनेटर केवल कोड सत्यापित कर आगे बढ़ जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और इसे केवल सीमित तकनीकी उपयोग के लिए ही रखा जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story