रेवाड़ी रूट को बड़ी सौगात, गर्मियों में चलेगी स्पेशल ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी रूट को बड़ी सौगात, गर्मियों में चलेगी स्पेशल ट्रेन


रेवाड़ी, 26 मई (हि.स.)। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष रेलसेवा का लाभ रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी मिलेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इसके साथ ही कुछ ट्रेनों के रद्द और आंशिक रूप से प्रभावित रहने की जानकारी भी जारी की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार को बताया कि ट्रेन संख्या 09257 भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 29 मई से 26 जून तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी।

यह ट्रेन भावनगर टर्मिनस से दोपहर दाे बजकर 20 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर शकूरबस्ती पहुंचेगी। यह ट्रेन फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल और रेवाड़ी जंक्शन से होकर गुजरेगी। रेवाड़ी स्टेशन पर सुबह नाै बजे पहुंचकर पांच मिनट का ठहराव करेगी। इसके बाद गुरुग्राम और दिल्ली छावनी होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09258 शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 30 मई से 27 जून तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन शकूरबस्ती से दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर भावनगर पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें दो सेकंड एसी, चार थर्ड एसी, तीन थर्ड एसी इकोनोमी, सात द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा शामिल होगा। इससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।

कुछ ट्रेनें ट्रैफिक ब्लॉक से रहेंगी प्रभावित

उत्तर पश्चिम रेलवे के रेवाड़ी-हिसार रेलखंड पर मनहेरू स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण कुछ रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 54787 भिवानी-रेवाड़ी ट्रेन तीन और चार अगस्त को रद्द रहेगी। इसी प्रकार 59632 रेवाड़ी-हिसार और 59631 हिसार-रेवाड़ी रेलसेवा भी अलग-अलग दिनों में रद्द रहेंगी। जबकि 54782 रेवाड़ी-बठिंडा रेलसेवा रेवाड़ी के बजाय भिवानी से संचालित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story