रेवाड़ी में पुलिस ने अभियान चलाकर पकड़े छह नशा तस्कर
एएसपी दीपिका अग्रवाल के नेतृत्व में संदिग्ध घरों पर एक साथ छापेमारी, स्मैक और गांजा बरामद
रेवाड़ी, 19 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़े स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। एएसपी दीपिका अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध घरों पर एक साथ छापेमारी की गई। शुक्रवार काे रातभर चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और नशीले पदार्थ बरामद किए।
शनिवार काे एएसपी दीपिका अग्रवाल ने बताया कि अभियान में थाना मॉडल टाउन, थाना शहर, रामपुरा थाना पुलिस के साथ सीआईए रेवाड़ी की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस की अलग-अलग टीमें रातभर विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहीं और संदिग्ध व्यक्तियों के घरों की जांच की। कार्रवाई के दौरान एनडीपीसी एक्ट के तहत छह अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें तीन मामले थाना शहर, दो रामपुरा और एक मॉडल टाउन थाने में दर्ज हुआ है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 25.27 ग्राम अवैध स्मैक और 171 ग्राम गांजा बरामद किया गया। थाना शहर और सीआईए की संयुक्त टीम ने मोहल्ला खासापुरा निवासी मुकेश कुमार को 5.37 ग्राम स्मैक, नौ सिल्वर पेपर और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया।
आनंद नगर निवासी विजय और मोहित को 6.41 ग्राम स्मैक और छह सिल्वर पेपर के टुकड़ों के साथ पकड़ा गया। वहीं, थाना रामपुरा और सीआईए की टीम ने मोहल्ला कुतुबपुर निवासी रितिक से 6.26 ग्राम स्मैक बरामद की। आदर्श नगर निवासी साहिल को 51 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। थाना मॉडल टाउन और सीआईए की टीम ने मध्य प्रदेश निवासी, हाल ढालियावास निवासी एक युवक को 120 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा। इसके अलावा कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान चौकी भाडावास क्षेत्र में एक अपराधी के घर से 7.23 ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

