रेवाड़ी के बाजारों में सुरक्षा कड़ी, सादे कपड़ों में गश्त करेंगे पुलिसकर्मी

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी के बाजारों में सुरक्षा कड़ी, सादे कपड़ों में गश्त करेंगे पुलिसकर्मी


पुलिस ने सुरक्षा को लेकर निकाला पैदल मार्च

रेवाड़ी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को सिटी थाना पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। पुलिस ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पांच टीमें तैनात की हैं। बाजारों में सादे कपड़ों में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी गश्त करेंगे। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पीसीआर गाड़ियां और पुलिस राइडर्स लगातार निगरानी रखेंगे।

शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। त्योहार के मौसम में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी कि वे किसी भी तरह की गलत गतिविधि से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने व्यापारियों से अपील की कि वे बाजारों में अतिक्रमण न करें, ताकि त्योहार के दौरान खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वाहन चालकों से भी नो-पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी नहीं करने की अपील की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस की टीमें बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगी, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story