रेवाड़ी में ब्लिंकिट कर्मचारी बनकर बुजुर्ग से ठगे लाखों रुपये
रेवाड़ी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के कमला नगर निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने खुद को ब्लिंकिट का कर्मचारी बताकर ऑर्डर का पैसा वापस करने का झांसा दिया और दो अलग-अलग बैंकों के खातों से आठ बार में दाे लाख 17 हजार 999 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि बुजुर्ग के बेटे सुरेश कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके पिता जगन्नाथ ने मोबाइल से ब्लिंकिट पर सामान ऑर्डर किया था। काफी समय तक सामान नहीं पहुंचने पर उन्होंने संबंधित नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। इसके बाद उन्होंने गूगल पर ब्लिंकिट का नंबर तलाशकर संपर्क करने की कोशिश की।
कुछ समय बाद उनके पिता के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को ब्लिंकिट का कर्मचारी बताते हुए कहा कि ऑर्डर नहीं पहुंचने के कारण पैसे वापस कर दिए जाएंगे। इसके लिए उसने बैंक खाते से संबंधित जानकारी मांगी। बुजुर्ग उसके झांसे में आ गए और जानकारी साझा कर दी।
शिकायत के अनुसार, ठगों ने एचडीएफसी बैंक रेवाड़ी के खाते से 13 हजार 999 रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन में दाे लाख चार हजार रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल आठ बार में दाे लाख 17 हजार 999 रुपये की ठगी की गई।
सुरेश कुमार ने बताया कि उनके पिता जगन्नाथ की उम्र 77 वर्ष है। वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं और उनकी तबीयत भी खराब रहती है। उन्होंने पुलिस से ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

