रेवाड़ी में दो डंपरों से टकराई रोडवेज बस, कई यात्री चोटिल

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में दो डंपरों से टकराई रोडवेज बस, कई यात्री चोटिल


रेवाड़ी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बावल के गांव रूघ स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। पहले दो डंपर आपस में टकराए और इसके बाद पीछे से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस दुर्घटनाग्रस्त डंपरों से जा भिड़ी। बस में करीब 27 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।

टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को बावल के जैन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे दो डंपर गांव रूघ के फ्लाईओवर पर आपस में टकरा गए थे। हादसे के बाद दोनों डंपर सड़क पर ही खड़े थे। इसी दौरान जयपुर की तरफ से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण बस के शीशे पर पानी जमा होने से चालक को आगे का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में सड़क पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त डंपर समय रहते नजर नहीं आए।

बस चालक ने आरोप लगाया कि हाईवे पर पहले से हुए हादसे के बाद अन्य वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी संकेतक नहीं लगाया गया था। न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

सूचना मिलने पर निजी अस्पतालों की एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जैन अस्पताल के चिकित्सक डॉ. दीपक जैन के अनुसार, घायलों का उपचार जारी है। कसौला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story