रेवाड़ी में सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत
रेवाड़ी, 04 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी में बेरली-डहीना रोड पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार वाहन ने तीन महिलाओं को कुचल दिया। इस हादसे में 83 वर्षीय संतरा और 73 वर्षीय भतेरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर घायल हो गई। पुलिस ने बुधवार को मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रामपुरी गांव की तीन महिला दूध लेने जा रही थी। तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं एक महिला गंभीर घायल हो गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इसके विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर कोसली डीएसपी विद्यानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद, डीएसपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।
जांच अधिकारी एएसआई बाबूलाल ने बताया कि रामपुरी कंवाली रोड पर हुए इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है और एक घायल है। पुलिस फरार वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

