रेवाड़ीः किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगाः राजेश नागर

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ीः किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगाः राजेश नागर


कोसली, बावल और रेवाड़ी मंडियों का निरीक्षण, सुविधाएं दुरुस्त करने व शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश

रेवाड़ी, 01 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के खाद्य एवं उपभोक्ता राज्यमंत्री राजेश नागर ने बुधवार को कोसली, बावल व रेवाड़ी की अनाज मंडियों का दौरा कर गेहूं और सरसों खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडियों में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य करना होगा।

मंत्री ने कोसली मंडी में आढ़तियों की मांग पर दूसरी एजेंसी के माध्यम से गेहूं खरीद शुरू करवाने के निर्देश दिए। साथ ही बारदाना, तौल व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने मंडियों में पहुंचकर किसानों और आढ़तियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विधायक विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक डॉ कृष्ण कुमार तथा प्रशासनिक सचिव अशोक मीणा ने भी मंडियों का निरीक्षण कर खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की।

मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। राज्यमंत्री ने मंडियों में स्थापित हेल्प डेस्क, एंट्री गेट, मुख्य द्वार पर बनाए गए कक्षों तथा आढ़तियों के पास बारदाने की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिकायत रजिस्टर की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अटल कैंटीन में किसानों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की भी जानकारी ली और इसे और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। राजेश नागर ने कहा कि फसलों की खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि खरीद कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story