रेवाड़ी में खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, दुकानदारों में मचा हड़कंप
रेवाड़ी, 04 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार देर शाम उपायुक्त की ओर से गठित टीम ने कुंड और कुतुबपुर क्षेत्र में छापेमारी कर आठ दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मिठाई, खोया और पनीर समेत 15 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई का जायजा लिया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) संदीप कुमार, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी (डीओ) डॉ. योगेश और नायब तहसीलदार रिंकू यादव शामिल रहे।अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की बिक्री के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।एफएसओ संदीप कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गए सभी 15 नमूनों को नियमानुसार सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।उन्होंने बताया कि यदि किसी नमूने में मिलावट पाई जाती है या खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलते हैं तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

