रेवाड़ी में शराब ठेके के विरोध में महिलाओं ने दिया धरना
ठेका हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
रेवाड़ी, 27 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के भादोज गांव में आबादी के बीच संचालित शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और ठेके के बाहर धरना शुरू कर दिया। महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग उठाई है।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कुछ गुस्साई महिलाओं ने ठेके के बाहर रखी शराब की पेटियों को उठाकर बाहर फेंक दिया। महिलाओं का आरोप था कि गांव में शराब का ठेका होने से सामाजिक माहौल लगातार खराब हो रहा है और युवाओं पर इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि शराब की वजह से परिवारों में झगड़े बढ़ रहे हैं और गांव का वातावरण प्रभावित हो रहा है। धरने पर बैठी महिलाओं ने बताया कि इससे पहले भी गांव के लोगों की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई थी कि आबादी क्षेत्र से शराब का ठेका हटाया जाए, क्योंकि इससे सामाजिक और पारिवारिक वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। महिलाओं का कहना था कि शिकायत देने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और शिकायतों को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। हालांकि महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शराब का ठेका गांव से नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महिलाओं ने कहा कि गांव के सामाजिक माहौल और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को देखते हुए वे पीछे हटने वाली नहीं हैं। गांव में दिनभर इस मुद्दे को लेकर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

