रेवाड़ी में एचटेट परीक्षा देने आई महिला आधार कार्ड भूली तो मदद को आगे आई पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

एचटेट परीक्षा के दौरान सिटी थाना प्रभारी ने थाने से आधार कॉपी निकलवाकर दिलाया प्रवेश

रेवाड़ी, 05 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान रविवार को रेवाड़ी पुलिस की तत्परता ने एक महिला परीक्षार्थी का साल खराब होने से बचा लिया। अहीर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी के दौरान सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह और उनकी टीम ने समय पर सहायता पहुंचाकर परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिलाया।

जानकारी के अनुसार महिला परीक्षार्थी परीक्षा देने अहीर कॉलेज पहुंची, लेकिन वह अपना मूल आधार कार्ड घर पर ही भूल आई थी। परीक्षा केंद्र के नियमों के अनुसार वैध पहचान पत्र के बिना उसे प्रवेश नहीं दिया जा सकता था। वहीं, रविवार होने के कारण आसपास के साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानें भी बंद थीं, जिससे वह काफी परेशान हो गई।

स्थिति की जानकारी मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सूबे सिंह ने तत्काल पहल की। उन्होंने महिला परीक्षार्थी को सरकारी वाहन से सिटी थाना पहुंचाया, जहां थाने के कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से उसके आधार कार्ड की प्रति निकलवाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित और समय रहते वापस परीक्षा केंद्र पहुंचाया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महिला परीक्षार्थी निर्धारित समय के भीतर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकी और एचटेट परीक्षा में शामिल हुई। इस मानवीय पहल की परीक्षार्थी और उसके परिजनों ने सराहना करते हुए रेवाड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया।

परीक्षा केंद्र पर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों ने भी पुलिस के इस संवेदनशील और सहयोगात्मक रवैये की प्रशंसा की। लोगों का कहना था कि पुलिस की समय पर की गई मदद ने एक अभ्यर्थी का पूरा वर्ष खराब होने से बचा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story