रेवाड़ी में सरदार पटेल जयंती पर दौड़े लोग, विधायक ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में सरदार पटेल जयंती पर दौड़े लोग, विधायक ने दिखाई हरी झंडी


रेवाड़ी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को राव तुलाराम स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की एकजुटता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर मजबूत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके इस अतुलनीय योगदान के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी जैसे आयोजन देशवासियों में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को देश की एकता और अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ ही राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश भी देते हैं। विधायक ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story