रेवाड़ी में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका


चेहरे पर चोट के निशान मिले, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की

रेवाड़ी, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर के बाईपास स्थित सनसिटी के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह संत कबीर चौक के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का जायजा लेने के साथ घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया।

पुलिस को शव के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। इन्हीं चोटों को देखते हुए पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और शहरी क्षेत्र में युवक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक वहां कब और किसके साथ पहुंचा था।

पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story