रेवाड़ी में विवाद के बाद श्मशान घाट से हटाया गया ओपन जिम

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में विवाद के बाद श्मशान घाट से हटाया गया ओपन जिम


रेवाड़ी में विवाद के बाद श्मशान घाट से हटाया गया ओपन जिम


पंचायत ने मशीनें हटवाईं, दूसरी जगह जिम लगाने की तैयारी शुरू

रेवाड़ी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के भाड़ावास गांव के श्मशान घाट परिसर में करीब चार महीने पहले बनाया गया ओपन जिम विवाद के बाद हटा दिया गया है।

पंचायत ने जिम की सभी मशीनें हटवाकर ठेकेदार के पास रखवा दी हैं। अब पंचायत गांव में जिम लगाने के लिए दूसरी उपयुक्त जगह की तलाश कर रही है। सरपंच सुनील कुमार ने शनिवार को बताया कि जगह को लेकर विवाद के बाद जिम हटाने का फैसला लिया गया है। जमीन मिलते ही करीब एक सप्ताह में जिम दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

भाड़ावास गांव में शाहजहांपुर रोड पर करीब आधा एकड़ श्मशान भूमि है।

परिसर में तीन टीनशेड बने हुए हैं। इनमें दो अंतिम संस्कार के लिए और एक लोगों के बैठने के लिए इस्तेमाल होता है। पंचायत ने करीब चार माह पहले इसी परिसर में ओपन जिम का निर्माण कराया था। एक टीनशेड के नीचे जिम की मशीनें लगाने के साथ वहां टाइल भी बिछाई गई थी।

जिम बनने के बाद से ही ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि श्मशान घाट में जिम होने के कारण अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को बैठने में परेशानी होती है। वहीं गांव से दूर होने के कारण बच्चे और युवा यहां व्यायाम करने भी नहीं पहुंचते थे। ग्रामीणों ने जिम को गांव के अंदर किसी सार्वजनिक स्थान पर बनाने की मांग की थी, ताकि अधिक लोग इसका इस्तेमाल कर सकें।

सरपंच सुनील कुमार ने बताया कि सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ओपन जिम के लिए करीब 450 वर्गगज जमीन जरूरी है। गांव में इतनी जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण श्मशान भूमि में जिम बनाई गई थी। इसका निर्माण पंचायत विभाग की ग्रांट से कराया गया था। उन्होंने बताया कि जिम अभी पंचायत को हैंडओवर नहीं हुई थी, इसलिए मशीनें ठेकेदार के पास रखवा दी गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story