रेवाड़ी: पत्नी से अश्लील हरकत पर दोस्त की चाकू से हत्या

WhatsApp Channel Join Now

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, आरोपी युवक वारदात के बाद मौके से फरार

रेवाड़ी, 29 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी शहर में शुक्रवार रात शराब पीने के दौरान पत्नी के साथ अश्लील हरकत करने को लेकर एक युवक ने अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रात में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक नेपाल के रापती अंचल के कैलाली जिले के रहने वाले थे। आरोपी विक्रम शक्तिनगर स्थित एक किराये के मकान में पत्नी के साथ रहता था। शुक्रवार रात वह सेक्टर-18 में किराये के मकान में रहने वाले अपने दोस्त गोविंद के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान गोविंद ने विक्रम की पत्नी के साथ गलत तरीके से छूने की हरकत की।

इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर विक्रम गुस्से में आ गया और उसने चाकू निकालकर गोविंद पर कई वार कर दिए। हमले में गोविंद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान गोविंद ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं वारदात के बाद से आरोपी विक्रम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story