रेवाड़ी में सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, नौ ओवरलोड वाहन पकड़े

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, नौ ओवरलोड वाहन पकड़े


वाहनों पर 6.47 लाख रुपये जुर्माना

रेवाड़ी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और आरटीए विभाग की संयुक्त टीम ने निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे नौ वाहनों को इंपाउंड किया है।

सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया। पकड़े गए वाहनों पर कुल छह लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के निरीक्षक राजेश कुमार और आरटीए विभाग के डीटीएसआई गुरतेज सिंह ने बताया कि संयुक्त टीम ने सबसे पहले गोकलगढ़ मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की जांच की। इस दौरान पांच वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते मिले। टीम ने सभी पांच वाहनों को मौके पर इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया। इन वाहनों पर कुल तीन लाख 81 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके बाद टीम ने एनएच-48 पर ओवरलोड वाहनों की जांच की। यहां चार वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पाए गए। टीम ने इन चारों वाहनों को भी इंपाउंड कर पार्किंग में खड़ा कराया। इन पर कुल दाे लाख 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

संयुक्त टीम के अनुसार दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई में कुल नौ ओवरलोड वाहन पकड़े गए और सभी पर मिलाकर छह लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान वाहनों की जांच और वजन से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई तथा संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर कराए गए।

अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सामान लोड करने की हिदायत दी। कार्रवाई से ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story