रेवाड़ी में वाइस चेयरमैन पद पर निखिल मांढैया ने दर्ज की जीत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में वाइस चेयरमैन पद पर निखिल मांढैया ने दर्ज की जीत


निखिल मांढैया को 19 वोट मिले, चेतराम सैनी को 14 मत प्राप्त हुए

रेवाड़ी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। नगर परिषद के वाइस चेयरमैन पद के लिए गुरुवार को हुए चुनाव में वार्ड नंबर 12 के पार्षद निखिल मांढैया ने जीत हासिल की। सीधे मुकाबले में उन्होंने पार्षद चेतराम सैनी को पांच मतों के अंतर से हराया। मतदान के अंतिम आंकड़ों के अनुसार निखिल मांढैया को 19 वोट मिले, जबकि चेतराम सैनी के पक्ष में 14 पार्षदों ने मतदान किया। जीत के साथ ही निखिल मांढैया नगर परिषद के वाइस चेयरमैन निर्वाचित हो गए।

नगर परिषद के कमेटी हॉल में गुरुवार सुबह चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने की जिम्मेदारी रेवाड़ी के तहसीलदार एवं चुनाव अधिकारी रमन कुंडू की देखरेख में रही। प्रशासन की ओर से मतदान के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया गया।

चुनाव प्रक्रिया के तहत नगर परिषद के पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान पूरा होने के बाद मतों की गणना की गई। गणना में निखिल मांढैया को 19 मत और चेतराम सैनी को 14 मत प्राप्त हुए। इसके बाद दोपहर बाद चुनाव अधिकारी की ओर से निखिल मांढैया की जीत की आधिकारिक घोषणा की गई।

नतीजे सामने आने के बाद कमेटी हॉल और आसपास के परिसर में निखिल मांढैया के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और मौजूद पार्षदों ने उन्हें जीत की बधाई दी। समर्थकों ने उत्साह के साथ अपनी खुशी का इजहार किया और जीत का जश्न मनाया। वाइस चेयरमैन पद के इस चुनाव को नगर परिषद के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निखिल मांढैया की जीत के बाद उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद परिसर में काफी देर तक बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story