रेवाड़ी में नई रेल सेवाओं की मांग,सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में नई रेल सेवाओं की मांग,सौंपा ज्ञापन


हरिद्वार-जयपुर के बीच श्री श्याम एक्सप्रेस चलाने सहित कई मांगें उठाईं

रेवाड़ी, 14 जून (हि.स.)। नारनौल के दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ ने रविवार को क्षेत्र की लंबित रेल मांगों और नई रेल सेवाओं के संचालन को लेकर रेल मंत्री के नाम एक ज्ञापन रेवाड़ी रेलवे स्टेशन अधीक्षक को सौंपा। संघ ने हरिद्वार और जयपुर के बीच नई रेल सेवा शुरू करने के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण रेल मांगों को भी प्रमुखता से उठाया।

संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने बताया कि हरिद्वार और जयपुर के बीच नई रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने सुझाव रखा कि इस ट्रेन का नाम श्री श्याम एक्सप्रेस अथवा खाटू नगरी एक्सप्रेस रखा जाए तथा इसका संचालन हरिद्वार-रेवाड़ी-नारनौल-नीमकाथाना-रींगस-जयपुर मार्ग से किया जाए। उनका कहना है कि इस रेल सेवा के शुरू होने से खाटू श्यामजी के श्रद्धालुओं सहित लाखों यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।

संघ की उपाध्यक्ष पूनम फौजदार ने कहा कि रेवाड़ी-नारनौल-रींगस-फुलेरा रेलमार्ग से जुड़े लाखों यात्रियों को आज भी अनेक प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक, औद्योगिक और व्यापारिक शहरों के लिए सीधी रेल सेवाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है। इसके कारण यात्रियों को अतिरिक्त किराया खर्च करने के साथ-साथ समय और असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों को पूरा किया जाता है तो पूरे क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से दादर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस (04693/04694) को नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी की गई है। संघ का कहना है कि इस रेल सेवा के संचालन के लिए रेलवे की ओर से स्वीकृति और आवश्यक आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इसके अलावा संघ ने कोटा, उज्जैन, इंदौर और भोपाल के लिए भी नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग उठाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story