रेवाड़ी में नीट परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था हुई चाक-चौबंद

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में नीट परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था हुई चाक-चौबंद


मॉक ड्रिल के जरिए परखी तैयारियां; नकल माफिया पर विशेष नजर

रेवाड़ी, 20 जून (हि.स.)। रेवाड़ी में रविवार को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को पुलिस ने मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान डीएसपी मुख्यालय डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा तथा नकल माफिया, अफवाह फैलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ विशेष पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्त सुरक्षा घेरा बनाने का निर्णय लिया है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में अभिभावकों और अन्य अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग भी केंद्रों से कम से कम 500 मीटर दूर निर्धारित की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की भीड़भाड़ या अव्यवस्था न हो। डीएसपी ने बताया कि जिले में 12 विशेष पुलिस नाके भी स्थापित किए गए हैं। परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सभी केंद्रों पर कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इसका उद्देश्य नकल, पेपर लीक जैसी किसी भी आशंका को पूरी तरह समाप्त करना और परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का पालन कर ही परीक्षा को सफल और पारदर्शी बनाया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story