रेवाड़ी: तीन साल की परीशा ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: तीन साल की परीशा ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम


रेवाड़ी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव गोठड़ा पाली निवासी तीन वर्षीय परीशा ने अपनी याददाश्त और लगातार अभ्यास के दम पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। परीशा को एक मिनट में अलग-अलग श्रेणियों के दर्जनों नाम बताने में महारत हासिल है। उसने पांच अक्टूबर को रिकॉर्ड के लिए आवेदन किया था और सात अक्टूबर को क्वालीफाई किया। इसके बाद 19 अक्टूबर को प्रमाणपत्र परिवार के पास पहुंचा।

परीशा के पिता प्रदीप गोठड़ा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं, जबकि मां सोनम यादव गृहिणी हैं। सोनम ने बताया कि बेटी की याद रखने और चीजों को पहचानने की क्षमता को देखते हुए उन्होंने करीब डेढ़ साल की उम्र से ही उसे अभ्यास कराना शुरू कर दिया था। उस समय परीशा ठीक से बोल नहीं पाती थी, लेकिन इशारों से शरीर के आठ से दस अंगों के नाम बता देती थी। इसके बाद उसे अलग-अलग चीजों के नाम पहचानने और याद रखने का अभ्यास कराया गया।

परिजनों के अनुसार, परीशा एक मिनट में 35 सब्जियों, 35 फलों और 35 देशों के झंडों के नाम बता देती है। इसके अलावा वह 35 जानवरों, 40 पक्षियों, 25 रेंगने वाले जीवों और 35 समुद्री जीवों के नाम भी बता सकती है। परीशा पांच गायत्री मंत्रों का संस्कृत में सही उच्चारण भी करती है।

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र मिलने के बाद परिवार का उत्साह बढ़ा है। अब परिजन परीशा को योग और भगवद्गीता के श्लोकों का अभ्यास करा रहे हैं, ताकि उसकी प्रतिभा को और निखारा जा सके। परिवार का दावा है कि इस श्रेणी में रिकॉर्ड बनाने वाली परीशा पहली बच्ची है और हरियाणा में भी इससे पहले किसी बच्चे ने ऐसी उपलब्धि हासिल नहीं की है। अब परिवार उसे बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए तैयार करने में जुटा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763868 Articles

Share this story