रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री ने 30 आधुनिक एंबुलेंसों को दिखाई हरी झंडी
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई गति, प्रदेशभर में बेहतर चिकित्सा सुविधा का लक्ष्य
रेवाड़ी, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को रेवाड़ी से 30 आधुनिक एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई एंबुलेंसों के संचालन से प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता पहुंचाना और आपात स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। आधुनिक उपकरणों से लैस इन एंबुलेंसों के माध्यम से दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इससे गोल्डन आवर के दौरान मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी आसानी होगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ एंबुलेंस नेटवर्क को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को समान रूप से लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि नई एंबुलेंसों के संचालन से प्रदेश के विभिन्न जिलों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

