रेवाड़ीः स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद की प्रतिमा का किया अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ीः स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद की प्रतिमा का किया अनावरण


ग्रामीण विकास के लिए 11-11 लाख की घोषणा, शहीदों के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब

रेवाड़ी, 05 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रविवार को गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान मंत्री और बावल के विधायक डा कृष्ण कुमार ने गांव में विकास कार्यों के लिए 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद केवल किसी एक परिवार या गांव के नहीं होते, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर होते हैं। उन्होंने दक्षिणी हरियाणा को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि यहां हर गांव से शौर्य और बलिदान की गाथाएं जुड़ी हुई हैं। मंत्री ने शहीद कैलाश चंद की शहादत को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान माओवादियों से मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने शहीद की वीरांगना भतेरी देवी और उनके परिवारजनों का हौसला बढ़ाया और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार हर समय उनके साथ खड़ी है। साथ ही ग्रामीणों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक रागिनी के माध्यम से उनका स्वागत किया, जिससे पूरे माहौल में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। विधायक डॉ कृष्ण कुमार ने भी शहीद को नमन करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को अपनाएं और देश सेवा के लिए हमेशा तैयार रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि बावल विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा तथा विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story