रेवाड़ी: दो बच्चों संग अचानक गायब हुई विवाहिता
रेवाड़ी, 13 नवंबर (हि.स.)। धारूहेड़ा क्षेत्र में एक विवाहिता अपने दो छोटे बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला की सास जब घर लौटी तो मकान के सभी दरवाजे खुले मिले। अंदर बहू और दोनों बच्चे गायब थे। आसपास और रिश्तेदारियों में तलाश करने के बावजूद तीनों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद शुक्रवार को महिला की सास ने धारूहेड़ा थाना पुलिस को शिकायत देकर उनकी तलाश करने की गुहार लगाई है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला की सास ने बताया कि गुरुवार दोपहर को वह और उनका बेटा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। उस समय घर पर उनकी करीब 26 वर्षीय बहू, तीन साल की पोती और छह साल का पोता मौजूद थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह घर पहुंचीं तो मकान के सभी दरवाजे खुले हुए थे। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो बहू और दोनों बच्चे कहीं नजर नहीं आए। पहले उन्होंने आसपास के घरों में पूछताछ की, लेकिन किसी को उनके बारे में जानकारी नहीं थी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारियों में भी तीनों की तलाश की गई। काफी प्रयास के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों की चिंता बढ़ने पर शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी गई। महिला की सास ने पुलिस से बहू और दोनों बच्चों को जल्द तलाश करने की मांग की है। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही महिला और बच्चों के लापता होने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल तीनों का कोई सुराग नहीं मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

