रेवाड़ी में मंडी फीस चोरी का भंडाफोड़, मिलर्स पर दो लाख का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में मंडी फीस चोरी का भंडाफोड़, मिलर्स पर दो लाख का जुर्माना


मार्केट कमेटी की कार्रवाई, रजिस्टर में कम और गोदाम में ज्यादा मिला सरसों का स्टॉक

रेवाड़ी, 11 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के बावल क्षेत्र में मार्केट कमेटी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडी फीस चोरी के मामले का पर्दाफाश किया है। शनिवार को की गई इस जांच के दौरान मिलर्स द्वारा रिकॉर्ड में भारी गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद विभाग ने मौके पर ही दो लाख रुपये का जुर्माना वसूल लिया।

मार्केट कमेटी के सचिव मनीष कुमार के अनुसार, टीम ने चेकिंग अभियान के तहत मिलर्स के रजिस्टरों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि रजिस्टरों में सरसों की मात्रा वास्तविक स्टॉक से काफी कम दर्ज की गई थी। जबकि मौके पर गोदामों में करीब दो हजार क्विंटल सरसों का स्टॉक पाया गया, जो स्पष्ट रूप से मंडी फीस से बचने और टैक्स चोरी का संकेत देता है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मंडियों में सरसों की बढ़ती आवक के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई थी। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मिलर्स पर तुरंत दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर ही वसूल कर लिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि वे अपने रिकॉर्ड सही रखें और मंडी नियमों का पूरी तरह पालन करें। वहीं, रेवाड़ी मंडी में इस समय सरसों की आवक चरम पर है। सरकारी और निजी एजेंसियों द्वारा खरीद तेजी से की जा रही है। अब तक मंडी में करीब एक लाख 45 हजार क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की जा चुकी है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story