रेवाड़ी: एसडीएम के तबादले पर वकीलों ने बांटे लड्डू, हड़ताल समाप्त

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: एसडीएम के तबादले पर वकीलों ने बांटे लड्डू, हड़ताल समाप्त


दस दिन के आंदोलन के बाद सरकार ने जारी किए तबादला आदेश

रेवाड़ी, 30 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार के तबादले के बाद जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने गुरुवार को बार रूम में लड्डू बांटकर खुशी जताई और 20 जुलाई से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। वकील पिछले 10 दिनों से एसडीएम के तबादले की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। सरकार ने बुधवार शाम तबादला आदेश जारी करते हुए नूंह के नगर आयुक्त दलबीर सिंह को रेवाड़ी का नया एसडीएम नियुक्त किया है।

हालांकि उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। बार एसोसिएशन के वकील 20 जुलाई से न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर हड़ताल पर थे। इस दौरान न्यायिक परिसर में लगातार धरना-प्रदर्शन किया गया। वकीलों का आरोप था कि एसडीएम सुरेश कुमार मनमाने तरीके से फैसले लेते थे व अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते थे। इसी को लेकर उनके तबादले की मांग लगातार उठाई जा रही थी।

इस विवाद की शुरुआत 16 अप्रैल को हुई थी, जब वकीलों ने एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। उसी दिन सांकेतिक धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी भेजा गया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने एसडीएम की अदालत में पेश होना बंद कर दिया। मांग पूरी नहीं होने पर 20 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई।

आंदोलन के दौरान 28 जुलाई को वकीलों ने प्रदर्शन करते हुए सचिवालय का गेट खोलकर परिसर में प्रवेश किया और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। 29 जुलाई को रेवाड़ी सहित जिले की सभी तहसीलों में भी अधिवक्ताओं ने समर्थन में न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रखा। आंदोलन के दबाव के बीच बुधवार शाम सरकार ने तबादला आदेश जारी कर दिए। इसके बाद गुरुवार को बार रूम में मिठाई बांटकर वकीलों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की और जल्द नए एसडीएम के कार्यभार संभालने की उम्मीद जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story